Amritsar में चली गोलियां

Front hulchul news : शहर के 88 फुट रोड इलाके में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। कार सवार एक युवक पर दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात इलाके में कुछ युवक मौजूद थे, तभी अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। फायरिंग होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनते ही लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और कई लोग घरों के अंदर छिप गए। कुछ ही मिनटों में हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाका निवासियों ने बताया कि इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और मजदूरों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि यदि कोई राहगीर गोली की चपेट में आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इस संबंध में थाना सदर अमृतसर के एसएचओ इंस्पेक्टर किरनदीप सिंह ने बताया कि 88 फुट रोड पर हुई फायरिंग में सिमरनजीत सिंह उर्फ बिल्ला घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सिमरनजीत सिंह अपनी स्विफ्ट कार में जाता दिखाई दे रहा है, जबकि उसके पीछे दो युवक उस पर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।