चोरी के आरोपों से तंग आकर व्यक्ति ने नहर में लगाई छलांग

Front hulchul news : थाना कुलगड़ी की पुलिस ने बीते दिन दो लोगों की तरफ से परेशान किए जाने पर गांव शेरखां की नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी करने वाले व्यक्ति के मामले में मृतक की पत्नी के बयान पर 2 लोगों के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने की धाराओं तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी देते हुए थाना कुलगड़ी के ए.एस.आई. बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता नीलम रानी पत्नी सुमित कुमार वासी गुरुहरसहाय नजदीक राजू भगत मंदिर हाल गांव घल्लखुर्द ने बताया कि उसका पति सुमीत कुमार घल्लखुर्द में किराए की दुकान लेकर कबाड़ का काम करता था और उसकी दुकान के पास केवल सिंह व कुलवंत सिंह वासी गांव फिरोजशाह की भी दुकानें थी। पीड़िता ने बताया कि 7 अक्तूबर को दोषियों की दुकानों से चोरी हो गई थी और वह चोरी का इलजाम उसके पति पर लगाते थे। जिसके बाद पंचायत भी एकत्रित हुई और उसके पति ने सभी को बताया था कि उसने चोरी नहीं की है, लेकिन फिर भी दोषी उसे परेशान करते थे, तो पीड़िता का पति परेशान रहने लगा।

पीड़िता ने बताया कि बीती 9 अक्तूबर को उसका पति गुरु घर जामनी साहिब में माथा टेकने के लिए गया था और दोषियों ने उसे फोन कर दिया कि हमारा जो सामान चोरी हुई है, वह हमने तुमसे ही लेना है, जिससे परेशान होकर उसके पति सुमित कुमार ने शेरखां वाली नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मामले की जांच कर रहे बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने केवल सिंह व कुलवंत सिंह पर मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।