लुधियाना में फिर क्षतिग्रस्त हुआ राष्ट्रीय ध्वज

Front hulchul news : शहर के पाखोवाल रोड स्थित सिद्धवां नहर आरओबी के पास लगाया गया भारत का राष्ट्रीय ध्वज एक बार फिर क्षतिग्रस्त अवस्था में दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि वीरवार रात चली तेज हवाओं के बाद तिरंगा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले भी इसी स्थान पर लगा राष्ट्रीय ध्वज खराब होने के कारण हटाया गया था। इसके बाद हाल ही में नया तिरंगा लगाया गया था, लेकिन वह भी मामूली तेज हवाओं का सामना नहीं कर सका। इसे लेकर झंडे की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा उससे करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी होती हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर फटे हुए तिरंगे का लहराना उचित नहीं है और इससे लोगों की भावनाएं आहत होती हैं।इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद शर्मा ने जिला प्रशासन और उपायुक्त (डीसी) से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज को तुरंत बदलकर उसकी जगह नया तिरंगा लगाया जाए। साथ ही भविष्य में उच्च गुणवत्ता वाला राष्ट्रीय ध्वज लगाने की व्यवस्था की जाए, ताकि उसकी गरिमा और सम्मान हर समय बरकरार रहे।