भारी मात्रा में हेरोइन, ड्रग मनी तथा नशीली गोलियां बरामद

Front hulchul news : जिला पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल के निर्देशों पर नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम को उस समय सफलता मिली, जब पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन, ड्रग मनी तथा नशीली गोलियां बरामद कर महिला सहित 5 को काबू किया। इस संबंध में अग्रिम जानकारी देते हुए डी.एस.पी. सिटी जतिन्द्र सिंह गिल ने बताया कि जब थाना सिटी साऊथ के प्रभारी गुरपाल सिंह पुलिस पार्टी सहित इलाके में गश्त करते हुए देर रात डी.एम. कालेज की ग्राऊंड के पास जा रहे थे, तो शंका के आधार पर राजबीर सिंह उर्फ बाबू तथा अर्शप्रीत सिंह उर्फ डुग्गू निवासी साधांवाली बस्ती मोगा को काबू करके उनसे 100 ग्राम हेरोइन तथा 21 हजार 700 रुपए ड्रग मनी बरामद की।

इसी तरह थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर लछमन सिंह ने बताया कि जब हवलदार कुलजीत सिंह पुलिस पार्टी सहित इलाके में गश्त कर रहे थे, तो उन्होंने गुप्त सूचना के आधार पर आकाशदीप सिंह उर्फ काशी तथा रविन्द्रजीत सिंह उर्फ ऋषि दोनों निवासी गांव जलालाबाद पूर्बी को काबू करके उनसे 110 नशीली गोलियां बरामद की। जबकि थानेदार इंद्रजीत सिंह ने पुलिस पार्टी सहित गश्त दौरान गुप्त सूचना के आधार पर रविन्द्र कौर उर्फ सुक्खो निवासी गांव नूरपुर हकीमां को काबू करके उससे 210 नशीली गोलियां बरामद की। सभी कथित आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं, जिन्हें पूछताछ के बाद माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।