जालंधर में आबादपुरा के लोग मुश्किल में!

Front hulchul news : वार्ड नंबर 34 के अंतर्गत आने वाली भट्टियां वाली गली (ES-467), मोहल्ला आबादपुरा के निवासियों ने लंबे समय से जाम पड़े सीवरेज सिस्टम को लेकर नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवरेज की नियमित सफाई न होने के कारण यह पूरी तरह ब्लॉक हो चुका है, जिससे गंदा पानी जमा हो रहा है और इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है जिससे बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है।

निवासियों के अनुसार बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गली में पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना और आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार समस्या उठाने के बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि ब्लॉक सीवरेज की तत्काल सफाई करवाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से निजात मिले। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ेगा।