चाचा ससुर बना जान का दुश्मन, पुलिस नहीं कर रही सुनवाई: जसविंदर कौर की गुहार

Front hulchul news, पत्रकार नरेंद्र कुमार, हैप्पी

नूरमहल की रहने वाली जसविंदर कौर पत्नी रणजोध सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके परिवार की लगभग 44 कनाल सांझी जमीन को लेकर पिछले एक साल से विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके चाचा ससुर चरणजीत सिंह, जो लंबे समय से विदेश में रह रहे थे, अब वापस आकर उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं।

जसविंदर कौर के अनुसार, उनके ससुर परमजीत सिंह इस जमीन की देखरेख करते थे और उनके निधन के बाद जमीन उनके पति और उनके भाइयों के नाम हो गई। लेकिन अब चरणजीत सिंह कथित तौर पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और गुंडा तत्वों के जरिए धमकियां दिलवा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 3 जून, 5 जून और 10 जुलाई 2025 को उन पर हमले हुए, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत झूठा केस दर्ज करवाया गया है। उनका दावा है कि इस पूरे विवाद का कारण पारिवारिक पैसों का लेन-देन है। उन्होंने बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन है और कोर्ट से स्टे भी मिला हुआ है, इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।

जसविंदर कौर ने आरोप लगाया कि उन्होंने एसएसपी देहाती, डीएसपी नकोदर और थाना नूरमहल के कई चक्कर लगाए, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। अब उन्होंने ऐलान किया है कि वह जल्द ही पंजाब के डीजीपी और ह्यूमन राइट्स कमीशन के समक्ष पेश होकर न्याय की गुहार लगाएंगी।

वहीं, थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि 112 पर कॉल आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझाकर थाने आने को कहा गया था, लेकिन कोई भी पक्ष थाने नहीं आया और न ही कोई लिखित शिकायत दी गई।

चरणजीत सिंह से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।