पंजाब में 21 अक्टूबर को शिक्षक लेंगे सामूहिक छुट्टी

Front hulchul news : पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर संयुक्त फ्रंट और संयुक्त कर्मचारी मंच पंजाब की संयुक्त राज्य स्तरीय तालमेल कमेटी की ओर से 10 अक्टूबर को संगरूर में आयोजित विशाल महारैली में किए गए ऐलान के अनुसार, पंजाब सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों के प्रति अपनाए जा रहे रवैये के विरोध में 21 और 22 अक्टूबर को सामूहिक छुट्टी लेकर रोष प्रदर्शनों में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

इस संबंध में पंजाब की सभी शिक्षक संगठनों की वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि राज्य स्तरीय संयुक्त तालमेल कमेटी के आह्वान को स्कूलों में लागू करते हुए 21 अक्टूबर को पंजाब के सभी शिक्षक एक दिन की सामूहिक छुट्टी लेकर संयुक्त रोष प्रदर्शनों में शामिल होंगे। इसके साथ ही 22 अक्टूबर को भी प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में भाग लिया जाएगा। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि खेल फंड जारी नहीं होने के कारण स्कूलों में खेलों की जो भी स्थिति है, उन्हें उसी स्तर पर रोक दिया जाएगा, ताकि शिक्षा विभाग और सरकार पर खेल फंड जारी करने का दबाव बनाया जा सके।

सभी जिलों के शिक्षक संगठनों की ओर से 21 अक्टूबर को सामूहिक छुट्टी लेने और खेल फंड जारी होने तक खेल गतिविधियां रोकने संबंधी नोटिस 19 अक्टूबर को जिला शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से डायरेक्टर स्कूल शिक्षा, पंजाब को भेजा जाएगा। इस संबंध में शिक्षक नेताओं ने सभी शिक्षक संगठनों के जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से अपील की कि वे 17 से 20 अक्टूबर तक हर स्कूल और हर शिक्षक तक पहुंचकर 21 अक्टूबर को सामूहिक छुट्टी लेकर रोष प्रदर्शनों में शामिल होना सुनिश्चित करें।