Front hulchul news : जिला जालंधर के करतारपुर में बीती रात जीटी रोड सर्विस लाइन पर स्थित गुरु तेग बहादुर अस्पताल के बाहर मोटरसाइकिल पर आए 2 युवकों में से एक ने अस्पताल के मेन गेट के कांच के दरवाजे पर फायरिंग कर दहशत का माहौल बना दिया।इस बारे में अस्पताल के प्रबंधक हरमन सिंह समरा पुत्र स्व. गुरविंदर सिंह समरा ने बताया कि बीती रात करीब 12.15 बजे एक युवक ने अस्पताल में अंदर जाने के लिए लगाए गए कांच के गेट पर फायरिंग करके भाग गया जोकि सी.सी.टी.वी. में कैद हो गया। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस को दी गई जानकारी में हरमन सिंह समरा ने बताया कि गत 30 अप्रैल को सुबह करीब साढे 10 बजे उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आया जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें धमकी देते हुए उनसे 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी और न देने पर भारी नुकसान की धमकी भी दी, जिसे उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया लेकिन पुलिस को जरूर सूचित कर दिया था।
समरा ने बताया कि इस कॉल के बाद गत 11 मई की रात करीब 12:15 बजे अमृतसर की ओर से मोटरसाइकिल पर दो युवक आए, जिसमें से एक युवक मोटरसाइकिल से उतरा और दूसरे ने मोटरसाइकिल दोबारा अमृतसर की तरफ मोड़ कर खड़ा हो गया और मोटरसाइकिल से उतरे युवक ने अस्पताल के बाहर लगे पौधों के पीछे से अस्पताल के मेन गेट पर 2 गोलियां चलाईं और मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। इस बारे में थाना प्रभारी रमनदीप सिंह ने बताया कि संबंधित मामले में हरमन सिंह समरा का बयान ले लिया गया है और इस रात की घटना की अलग-अलग एंगल से जांच की जा रही है
