Front hulchul news : पंजाब में फिरोजपुर के ब्लाक ममदोट के जंगा वाला मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसे में नाै लोगों की माैत हो गई। सभी श्रद्धालु डेरा ब्यास जा रहे थे। शनिवार सुबह हुए हादसे के बाद माैके पर चीख पुकार मच गई। मृतकों में पांच महिलाएं और दस साल का एक बच्चा भी शामिल है। मृतकों की पहचान महिंदर सिंह, राजकुमार, माइयां बाई, दर्शन सिंह, महिंदर कौर, जीतो बाई, विद्या बाई, करनैल सिंह और सुखविंदर कौर के ताैर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद से एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी मे कई श्रद्धालु डेरा ब्यास दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दाैरान सुबह करीब साढ़े छह बजे जंगा वाला मोड़ पर पिकअप की ट्राले से जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोगों को संभलने का माैका ही नहीं मिला। लोग उछलकर आगे के शीशे से टकराए और सड़क पर गिरते गए। एक के बाद एक नाै लाशें बिछ गई।
फिरोजपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के 11 गंभीर घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों का हालचाल जानने के लिए विधायक गुरदित्त सिंह सेखों अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी मरीजों का बेहतर और निशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नीतू कुक्कड़ ने बताया कि 11 मरीजों में से 4 की हालत गंभीर है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है और अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
