Front hulchul news : बठिंडा के थाना कैंट क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी के कथित अपहरण, मारपीट और दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले पुलिसकर्मी की वीडियो बनाई, फिर उसके साथ मारपीट कर जबरन कार में बैठाया और गांव सेमा कलां ले जाकर बंधक बना लिया। इस दौरान उससे दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई, उसका एटीएम कार्ड छीन लिया गया और उसकी स्विफ्ट कार भी अपने कब्जे में ले ली गई।
थाना कैंट पुलिस को दिए बयान में सिपाही कुलविंदर सिंह ने बताया कि हरजिंदर सिंह उर्फ पोपा और उसके तीन अज्ञात साथियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर गांव सेमा कलां ले गए। वहां आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए दो लाख रुपये की मांग की। शिकायत के अनुसार आरोपित उसका एटीएम कार्ड भी ले गए और उसकी स्विफ्ट कार (पीबी-03-एजी-5030) भी अपने साथ ले गए।पुलिस का कहना है कि शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ अपहरण, फिरौती मांगने, मारपीट, अवैध रूप से बंधक बनाने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल थाना कैंट पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी गई है।
