Front hulchul news : जिला प्रशासनिक परिसर में एसएसपी कार्यालय के साथ स्थित पानी की टंकी पर बुधवार को तीन युवतियां चढ़ गईं। तीनों युवतियों ने पुलिस पर उनकी शिकायतों पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। युवतियों का कहना है कि उन्होंने करीब दो महीने पहले अलग-अलग व्यक्तियों के खिलाफ शादी का झांसा देकर और ब्लैकमेल करने के आरोप में दुष्कर्म की शिकायतें एसएसपी बरनाला को दी थीं, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवतियां बरनाला जिले के अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं और उनके मामले भी अलग-अलग हैं। बताया जा रहा है कि तीनों शिकायतें बरनाला पुलिस जिला मुख्यालय में एक डीएसपी के पास विचाराधीन हैं। युवतियों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उनका यह भी आरोप है कि उन्हें न्याय दिलाने के बजाय समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पानी की टंकी पर तीन युवतियों के चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों की ओर से युवतियों से बातचीत कर उन्हें नीचे उतारने और उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई का भरोसा देने का प्रयास किया गया। मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
