सिविल अस्पताल में बच्चा चोरी की कोशिश

Front hulchul news :सिविल अस्पताल परिसर के भीतर से एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची को चोरी करने का  मामला सामने आया है। गनीमत यह रही कि बच्ची की मां की चौकसी, मुस्तैदी और अस्पताल में मौजूद अन्य तीमारदारों की सूझबूझ के चलते आरोपी महिला की यह घिनौनी कोशिश नाकाम हो गई और उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को अपनी हिरासत में ले लिया है।

सिविल अस्पताल परिसर में अपने बच्चे के इलाज के लिए आई पीड़ित महिला पूजा ने आपबीती बताते हुए कहा कि उसका बेटा बीमारी के कारण अस्पताल के वार्ड में दाखिल है। दोपहर करीब 1:30 बजे वह वार्ड के बाहर डॉक्टरों से अपने बेटे की सेहत और इलाज के संबंध में बातचीत कर रही थी। इसी दौरान उसकी 10 वर्षीय भतीजी उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी को अपनी गोद में लेकर पास ही गैलरी में खड़ी थी। पूजा के मुताबिक, एक अज्ञात संदिग्ध महिला पिछले काफी समय से लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और घात लगाकर बैठी थी। जैसे ही पूजा का ध्यान डॉक्टरों की तरफ गया, उक्त आरोपी महिला ने 10 साल की भतीजी के पास पहुंचकर उसकी गोद से डेढ़ साल की मासूम बच्ची को जबरन छीनने का प्रयास किया।

जब सहमी हुई भतीजी ने बच्ची को कसकर पकड़ लिया और देने से इनकार किया, तो आरोपी महिला सरेआम जबरदस्ती करने लगी। जब मेरी नजर पड़ी कि कोई मेरी बच्ची को खींच रहा है, तो मैंने बिना वक्त गंवाए तुरंत दौड़कर उस आरोपी महिला का हाथ पकड़ लिया और उसे पीछे की तरफ एक जोरदार धक्का दिया।” मां के विरोध और शोर मचाने के कारण आरोपी महिला घबरा गई और भीड़ का फायदा उठाकर उस समय तो वहां से भाग निकली। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी महिला की हिम्मत इतनी बढ़ चुकी थी कि वह उसी रात दोबारा किसी अन्य बच्चे को निशाना बनाने के इरादे से अस्पताल परिसर में पहुंच गई। जैसे ही पीड़ित परिवार और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों व लोगों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत शोर मचा दिया। मौके पर मौजूद सभी लोगों ने एकजुट होकर आरोपी महिला को चारों तरफ से घेर लिया और उसे भागने का मौका दिए बिना काबू कर लिया।

मामले की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस की ओर से जांच अधिकारी ए.एस.आई. (ASI) मल्कित सिंह पुलिस पार्टी के साथ तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे। जानकारी देते हुए ए.एस.आई. मल्कित सिंह ने बताया कि पुलिस को अस्पताल परिसर में बच्चा चोरी की कोशिश और लोगों द्वारा एक संदिग्ध महिला को काबू किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, “अभी हमें इस मामले की प्रारंभिक सूचना और शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त महिला को हिरासत में कर लिया गया है। अभी मामले की जांच की जा रही है और महिला से गहनता से पूछताछ की जा रही है कि वह किसी पेशेवर बच्चा चोर गिरोह की सदस्य है या अकेले ही इस वारदात को अंजाम दे रही थी।